बुधवार, 28 जून 2017

हाशिये के बीच



मैं कुछ लोगों को राजी नहीं कर पाया
इसका मुझे खेद है
मैं बताने को तैयार हूँ, पर वो
सुनना नहीं चाहते,
मैं मरने को खड़ा हूँ, और वो
भागने को मुश्तैद!
शायद....मेरी गलती है!
हाँ! ये मेरी गलती है, कि
हर बात की मैं,
पहले पूरी तफ्तीश करता हूं
और फिर उसे जीने कि कोशिश
............लगातार. ..........
            टनटनाहट. ......
वो मेरी धमनियों में बजता है
फिर खाली पोंगरी-सा छोड़ जाता है
मैं बचता हूँ - ऐसा
कि तड़प भी नहीं सकता।

इस बचने और बजने के बीच
होती है - बस! एक अकुलाहट,
बाजार में,
सिनेमाघर में,
सिगरेट की कश में,
सड़कों की बस में।

खोजता मैं, उसे
जो हवा सुदूर पहाड़ों से आती है,
चाय की घूँट के साथ सीधे नीचे उतर जाती है,
और हर शनिवार को
दिल्ली की इन सड़कों पर,  मिलती है
एक बेजान से मरियल दीखने वाले छोकरे
और उसके लोहे के बुत के पास,
तेल से सने सिक्कों के बीच।

मैं भागता हूँ और खोजता हूँ, फिर उसे
जो पत्थर में बनी बुद्ध की प्रतिमा से आती है,
रंगों के उतार चढ़ाव में सुगठित होती है,
और फिर मुझे, वो
अपना गंदा शरीर और बोरा उठाए
स्टेशन के उन आवारा छोकरों के साथ
कूड़ा बीनते हुए मिलती है।

मैं फिर भागता हूँ,
और फिर खोजता हूँ, उसे
पर इस बार अकस्मात -
मेरी जेब में पड़ी अठन्नी तेजी से जलने लगती है
मैं फौरन उसे निकाल कर मिट्टी में फेंक देता हूँ
और मेरे देखते ही देखते
पूरी की पूरी जमीन
आसमान हो जाती है,
और वो अठन्नी -
कभी चाँद ...
तो कभी काले तवे पर
रोटी-सा चमकती है।


31/04/2004
बेर सराय,  नई दिल्ली।

शुक्रवार, 2 जून 2017



      अब जबकि हर शख्स की पीठ  में एक खंज़र  है और दूसरा हाथ में ....
  तुम्हारे जुल्फों की घनी छांव ......
जैसे पेड़ों की पत्तियों से छनकर आती सुबोह .....
....धान रोपते हुए औरत के जानु पर पड़ी पानी की एक नन्ही बूँद बहुत अहिस्ता से नीचे सरक जाती है ....

चलो घूम कर आएं ......एल्लोरा या हिमालय ....?
नहीं लूडो खेलतें हैं .......साँप -सीड़ी
बूढ़े लोगों को सीढ़ियों पर चढ़ने में कठिनाई होती है
पर मेरे पैर में तो स्केट्स लगें हैं और मैं
ट्रेन की पटरियों पर धड़धड़ाते हुए जा रहा हूँ..
ओह! ये ट्रेन रोज़ इतने लोगों को कहाँ ले जाती है?
पापा मैं पूरी ट्रेन खाना चाहता हूँ, मैं सरकार हूँ!
किसानों, मजदूरों के पेट नहीं भरते, वो पापी हैं न?
पर हमारी सरकार तो अच्छी है, जो
उनको मुवावज़े वगैरह समय समय पर देती है!

ओह! बारिश तेज़ हो गई
तो चलो भीग कर आए...
फूलदान में रखा फूलों का गुच्छा
अपनी आखिरी खुश्बू बिखेरकर सूख चुका है।
तुम अपने कंडीशन्ड किए हुए बाल ड्रायर से सुखा रही हो,
इसकी खुशबू से पूरा कमरा भर गया है,
और मेरा पेट भी।
हरिया भी इस बार देसी बीज को छोड़कर
विदेशी बीज खेतों में बो रहा है....
खाद की तरह....
कह रहा था कि- अब हमारी धरती दूसरे देशों का 'घूर' है,
अब माताएँ बच्चे नहीं जनती, मशीनें बच्चे पैदा करती हैं,
और कुछ दिनों में वो बच्चों की पूरी एक खेप आयात करेगा
और उनसे अपना खेत जुतवायेगा।

आह! तुम्हारी उंगलियों के पोर...
मेरे घुघराले बालों में उलझ गए हैं, समय की तरह
समय क्यों भागता है?
क्या कोई इसके पीछे पड़ा है?
कुत्ते भाग रहें हैं शहर से जंगल की ओर.....
और जंगल के जानवर पता नहीं कहाँ.....

तुम कितनी स्ट्रांग हो!
पहाड़ की तरह
और मैं समंदर
जो रोज़ पछाड़े खाता है
तुम्हारे दर पर.....

नर्म, सुर्ख़, मुलायम तुम्हारे होंठ
तुम्हारे रुख़सार कि जैसे शाम ढल रही हो
बहुत आहिस्ता
रोज़ शाम को गाँव की औरतें, पड़ोसी से आग माँगती हैं
चूल्हे जलाने के लिए
रोटियाँ तो अब सिर्फ देश और राज्यों की
राजधानियों में सेंकी जाती हैं.....
बुद-बुद कर जाने क्या पकता रहता है
 इस भगौने में....
(या कि मेरे दिल में..)
क्या तुम्हारे पास भी है बुदबुदाहट या कि एक अदद दिल?
वो दिल जो मैंने बनाया था, एक पेड़ पर,
उस हँसिये से जिसे लेकर तुम
गेहूँ की नन्ही बालियां काटने जा रही थी
पड़ोसी के खेत से...
फिर वही दिल तुमने बनाया था
मेरे दिल के पास वाली जेब से कलम निकालकर
दिल्ली में... किसी मुगल बादशाह की मज़ार पर
तुम कितनी नासमझ हो!
सरकार कितना पैसा खर्च करती है
इन खंडहरों के संरक्षण पर!
जिन्दों को मारो, मुर्दों को जिलाओ
अतुल्य भारत बनाओ!

आह! तुम्हारी इक मुस्कुराहट पे
लाखों हिन्दुस्तां कुर्बान!
और इसमें रहनेवाले लोग?
अरे लोगों, तुम्हारा क्या?
दिल-ओ-दिमाग या ज़र-जोरू-ज़मीन?
तुम जानो तुम्हारा रहनुमा जाने!

रहनुमाई और मसीहाई
बेताल की तरह
सूखे पेड़ों की शाखों पे उल्टे लटके हुए हैं
और बच्चे उनपर पत्थर मार रहें हैं
मीठे आमों की गुठलियां समझकर
कोई इन्हें भी दे दो
इमली के बूटे और बेरी के बेर
(या कि स्ट्रॉबेरी)
ये भी बनना चाहते हैं अमरीका की तरह
इस जंगल में सिर्फ दो शेर....

आह! तुम्हें देखकर मुझे ग़ालिब का शेर याद आ जाता है
मुश्किलें इतनी पड़ी मुझ पर की आसां हों गईं.....
मैं फिदा हूँ कि तुम हर मुश्किल बात भी
कितनी आसानी से कह देती हो!
एकदम तीर की तरह सीधे
और मुझे लगता है कि तुम्हारी भौहें कमान है
जो मेरे दिल में जाकर खिंच जाती हैं!
मुझसे पूछता है हाज़ी का छोटा पोता
इस देश की कमान किसके हाथ में है?
कमान अब हाथों में नहीं पंजों में है
पंजे खुरच रहें हैं धरती का सीना........


-बस्ती से

मंगलवार, 14 अगस्त 2012

तुम्हारी उंगलियो के पोर ...
छूते हैं मुझे आंखे बनकर ...
मैं शुतुरमुर्ग की तरह 
तुम्हारी गोद में सिर छुपा लेता हूँ ...
..... की तुम्हारी याद में मैंने 
अपनी हथेलिओं पे बाल उगते देखें हैं।..

मंगलवार, 9 अगस्त 2011

....मैं.....


...मैं अलमस्त फ़कीर-सा ...
बाटता फिरता हूँ तुमको...
की भर आये इक नदी 
इस मानसून में..
की पथरा कर फट जाये 
सुखी जमीं...
हमारे दिल और आँखों की तरह 
इन्ही से फूटें फौवारे 
आतिशबाजियो के ...
इक बंदर गुलाटी मार जाये
जो तुम्हारी आँखों से होता हुआ 
तुम्हारी अंतड़रिओं में जा के खींच जाये...
अब मेरी आँखों से आसूँ नहीं 
मदार के ढूध बहतें हैं 
इसका एक भुआ चटक के
उड़ता हुआ बनस्पति विज्ञानं की 
छात्रा के किताब में
जा के धस  गया है 
और बन गया है....ताड़ी का एक पेड़ ....
जिसमें अनगिनत लबनिया 
धीरे-धीरे करके भर रहीं हैं...
...मैं... बूँद-बूँद करके ही मर रहा हूँ.... 

बस्ती ..... तू क्यूँ बसती है....


बस्ती तो बसती है ...
निर्जन बियाबान बहुत जीतें हैं ...
गीतों के मरने का दर्द बहुत पीतें हैं
प्राण बहुत जीतें हैं...
प्राण बहुत जीतें हैं...

बुधवार, 3 नवंबर 2010

पीली छतरीवाली लड़की और इंतकाम

 उधर बीच मुझे याद आता है की, उदय प्रकाश की "पीली छतरी वाली लड़की" को लेकर काफी बहसों का दौर चला था...
जभी मुझे "नूर मोहम्मद राशिद" की ये  कविता याद आई थी, पर अफ़सोस उस वक्त बहुत खोजने पर भी मुझे नहीं मिली थी..पर अभी जा के  मिली...इन दोनों में समानता है..और उसी को देखने की कोशिश भी है...
फ़िलहाल "इंतकाम" नाम की ये कविता यहाँ प्रस्तुत कर रहां हूँ...



उसका चेहरा, उसके खाद्दोखाल याद आते नहीं ,
इक शबिस्ता याद है,
इक बरहना जिस्म आतिशदा के पास,
फर्श पर कालीन, कालीनो पे सेज,
धात और पत्थर के बुत,
गोशा - ए - दिवार में हँसतें हुए,
और आतिशदा में अंगारों का शोर,
उन बुतों की बेहिसी पर खस्मगी
उजली - उजली ऊँची दीवारों पे अक्श,
उन फिरंगी हकीमों की यादगार 
जिनकी तलवारों ने रखा था यहाँ 
संगे  बुनयादे-फिरंग ! 
उसका चेहरा, उसके खाद्दोखाल याद आते नहीं,
इक बरहना जिस्म अब याद है, 
अजनबी औरत का जिस्म,
मेरे "होटों" ने लिया था रात भर,
जिससे अरबाबे-वतन की बेबसी का इंतकाम, 
वो बरहना जिस्म अब तक याद है !

मंगलवार, 2 नवंबर 2010




वो लाठियां टूटती हैं
 नीम - ख्वाबों में 
वो सूद जिसको चुकाना 
है मुश्किल 
दर्द के पैबंद मानिंद 
जड़ें हैं मेरे तन - बदन पे 
इन लाठियों के लाल धब्बे 
जो मालिए के बहाने गिरें हैं 
और तुम्हारे हाथो में
झरके गुलनार हो गयें हैं .... 

बुधवार, 20 अक्टूबर 2010

तुम्हारा प्रेम



मैं खोजता उन सब में
तुम्हारा प्रेम
जाने - अनजाने
तुम्हारी नक़ल , कोई प्रतिकृति मिले
तो पा लूँ.....
उसे -
जो हमने साथ - साथ महसूस किया था
एक लम्बी बारिश के गुजर जाने के बाद
शीशम के उस छोटे पेड़ के नीचे
पानी की नन्ही बूंदें
जिसकी पत्तियों पर टिकी थीं 
और एक हौले - से झटके के साथ
भीग गए थे हम
उस रात ....
वो पानी जो हमारी आँखों में आ बसा है
हरी नन्ही पत्तियौं चुभतीं हैं
मीठे ख्वाबों में
जिन्हें अब हम अलग - अलग देखतें हैं
मुझे यकींन है की
जैसे मैं खोजता हूँ
तुम भी खोजती होगी
वो ही नन्ही पत्तियां , पानी की बूदें ,
वो ही रात .....
जैसे मैं देखता हूँ -
तुम भी देखती होगी
उस रात के बाद हर कहीं
वो ही सांचा प्यार का
जैसे मैं महसूस करता हूँ
तुम भी करती होगी
वो ही पल जो हममे उपजा था साथ-साथ
की नहीं दे सके एक - दूसरे को
आजतक ........
अब भी मैं हाथ लगा के देखता हूँ
नाक के पास
कि इनमें वो ही गर्मी है या नहीं
तुम भी ऐसा करती होगी
बारिश में भीगकर
कि इनमें वो ही सिहरन है कि नहीं ......


२३/१२/२००४
देहरादून

शनिवार, 16 अक्टूबर 2010

मुक्ति की सारी आकान्छाएं
आज क्यूँ मारे जाने की
देहलीज़ पर खड़ी हैं
क्या फिर कोई रंग लाल होगा ?

शनिवार, 9 अक्टूबर 2010

तुम्हारी याद में


FORGETTING YOU (water colour on paper - A4)





तुम्हारी याद में - 
तुमसे मैं क्या कहूँ ?
और किसी से भी मैं क्या कहूँ ?
तुम्हारी याद में - 
तुम बोलती हो सच बताऊँ - 
मैं कुछ भी नहीं सुनता 
तुम्हारी याद में - 
की मेरे अन्दर जो रोज़ 
जन्म लेता और मरता है 
उसका तवारुफ़
तुम्हारे अन्दर जो रोज़ 
जीता और मरता है 
उससे कितना कम या ज्यादा है ?
तुम्हारी याद में - 
वो ट्रेन जो मेरे दिल की पटरियों पर 
धर्धरातेय हुए चलती है 
इक दिन में कितना डीज़ल पीती है ?
तुम्हारी याद में - 
मैं कल फिर बिरला मंदिर की सीडियां 
गिनता हुआ चढ़ गया 
तुम्हारी याद में - 
आ के बालकनी में - शाम को 
एक सिगरेट सुलगाई 
तो सिर के ऊपर लटकते बल्ब की सारी बिजली 
हवा में तैरने लगी 
तुम्हारी याद में - 
सपने में अर्ध्नारिस्वर आये 
और मुझसे अपने को पूरा करने का 
वर मागने लगे !!
तुम्हारी याद में - 
मैंने उलटे जूते पहने 
और निकल पड़ा 
जिन्दगी का सफ़र तय करने के वास्ते !
तुम्हारी याद में - 
वही जिन्न इक बार फिर बोतल से बाहर आया 
और कहने लगा - 
"बोलो तो एक दुकान खुलवा दूँ - यादों की"
तुम्हारी याद में - 
इतिहास दफन हो गया 
मेरे मोबाइल के इन्बोक्स  में 
की - 
"तुम्हरी याद आती है -- बहोत " !!!

शनिवार, 6 फ़रवरी 2010

REMEMBERING YOUR CURVES i.e. caterpillar

acrylic and water colour on glossy paper              size: A3

बुधिया , दर्शील और बुग्गी-वूग्गी

मुझे ठीक से याद नहीं आता की, बुधिया कब, कितने किलोमीटर लगातार दौड़ कर विश्व रिकोर्ड बनता है? कब मानवाधिकार वाले ५ वर्ष के बुधिया के ट्रेनर के ऊपर अवयस्क को दौड़ाने के जुर्म में मुकदमा कर देतें हैं? मुझे ये भी ठीक से नहीं याद आता की, कब "सूरज" जैसे २-३ वर्ष के और कितने बच्चे , कहाँ-कहाँ राजनैयतिक उथल-पुथल के शिकार हो कर ठीक उसे बोरवेल में जाँ गिरतें है की पूरा मीडिया जगत और सब काम छोड़कर आर्मी के जनरल सैनिकों सहित उसे निकलने जाँ पहुंचते हैं! ऐसे पहले हादसे के बाद मैंने बीसों ऐसे ही हादसे पेपर में बीच के पेजों में पढें होंगें ! पर ये हादसे पूरी तरह से राजनैतिक न होकर , आर्थिक कारणों पर निर्भर थे ! (आपको याद दिलाने के लिए मैं बता दूँ की, सूरज रातों-रात मालामाल हो गया था! ) मुझे ये भी याद नहीं आता की किस १५ अगस्त को लाल किले पर स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे गर्मी से बेहोश हो कर गिर पड़े थे ! कम-से-कम भारत के प्रधानमंत्री को तो इस पर शर्मिंदा होना चाहिए था , पर ये परम्परा बदस्तूर जारी है !
तो दर्शील- एक फ़िल्मी बच्चा है ! जैसे बहुत से लोग मानतें है की जिन्दगी - इक जुआं है... खेल है...सफ़र,रास्ता है...सिधांत है... इतिहास है... वैसे ये फ़िल्मी भी है ! दर्शील , शाहरुख खान की तरह से परदे पर हमेशा खुश रहता है ! दर्शील की तरह बहुत सारे फ़िल्मी बच्चे और भी हैं जिनको सब लोग नहीं जानते !
गोरेगांव स्टेशन पर फिल्म शूट में ८ से १२ साल के १८-२० बच्चे थे ! जो शूट पर बुलाये गए थे ! वो सब शाहिद कपूर से मिलना चाहते थे ! पर इक चाभी वाले खिलौने की तरह हर इक "टेक" पर उन्हे ट्रेन में चढ़ाया जाता फिर उतारा जाता ! सुबहो ७ से लेकर शाम ७ बजे तक बच्चे सिर्फ ट्रेन में चढ़ते - उतरते रहे ! दोपहर लंच में मैं उनकी बोगी में गया ! सारे बच्चे थक कर काठ की बेंचों पर इधर -उधर सो रहे थे ! ये कहा जाँ सकता है की , किसी स्त्त्रग्लर की तरह वो कोई हीरो या दर्शील नहीं बनना चाहते थे , बल्कि भाड़े पर बुलाये गए थे ! ऐसे ही जैसे हम आर्ट डिपार्टमेंट के लोगों ने प्लेटफॉर्म पर लगाने के लिए कुछ दुकाने कुछ हाथ गाड़ियाँ मगवायें थीं ! भाड़े के लोग , भाड़े की दुकाने , भाड़े की जिन्दगी ! अब क्यूँ नहीं कोई मनावाधिकर्वाले इन सब बातों को देखते ? क्यूँ नहीं उन लोगों के खिलाफ याचिकाएं दायर की जाती हैं , जिनके बच्चे बूगी - वूगी में लगातार डांस करकर के लोगों की वाहवाही और पैसे बना रहें हैं ? क्यूँ नहीं उन विज्ञापनों पर प्रतिबन्ध लगाया जाता है , जिन में की बच्चा इक चमच चोकोलेट पीकर दिन भर दौड़ लगाता है ! और उनके माँ - बाप वही चोकोलेट ला कर पडोसी से कहते है की अब हमारा बच्चा भी "सुपर - स्ट्रोंग " बनेगा ! फिलहाल , समय की गति अजीब है और आजकल के बच्चों का वातावरण बदल रहा है तो जाहिर है की उनकी सोच के मायेने और उनके "एम्बलेम" भी बदल रहें हैं ; पर किस हद तक ये बात ध्यान देने लायक है !

कठफोड़वा: सिद्दांत-विमर्श

कठफोड़वा: सिद्दांत-विमर्श

शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2008

नया वर्ष




इक
महती उपलब्धि
उस चीज की
जो स्वयं गतिवान है !
इक गहरी उतेजना
उसके आने की
जिसको आना ही है !

ये समय नहीं है -
अपने पीछे देखने का ,
न ही आगे आनेवाले
ढकोसलों को मापने का
ये समय है -
एन्जोए करने का !

हर उस तेज़ चीज़ को
हम हड़प कर जायेंगे
हर पानी हमारे लिए
एक खास शराब है ,
वो जो भी खारा है
हमें प्यारा है !

शव के सिरहाने रखी
ज़िन्दगी -
धीरे - धीरे सुलगती हुई बाती है
औ' सारे के सारे रंगों का
अबूझ कफ़न ओढे है !

नहीं , ये समय नहीं है
न ही उसकी आहट ,
जिसको हम माप सके
या की अपनी ही बनाई
खिड़की से छांक सकें !

एक रोकेट तेज़ी से जाता है
कहीं दूर कोई सीटी बजाता है ,
कोई नाचता कोई गाता है !
पूरा का पूरा माहौल
इस ठण्ड में
खिलंदर बन जाता है !

मुझे याद है -
बचपन में ,
हम एक चकरी बनाते थे
पत्तों की
औ' उसे लेकर हवा के विपरीत
तेज़ी से दौड़ते थे
वो घूमती थी
हम खुश होते थे !

वो समय की खूबी थी
या हमारी मेहनत की ,
की चकरी तेज़ी से घूमती थी
मुझे नहीं पता ;
हाँ ! इतना जरुर पता है
इस खेल की रेलमपेल में
सब शामिल हैं !
इस कड़ाके की टंड में
जो आइस्क्रेम खायेगा ,
टीक वही -
"सर्विवल ऑफ दी फिटेस्ट "
बन पायेगा ,
अब कोई भूख से नहीं
कम खाने की इच्छा से
मारा जायेगा !!!


अभिषेक पाण्डेय
०१/०१/२००३
न्यू डेल्ही